विदेशी सामान खरीदकर शत्रु देशों की अर्थव्यवस्था को मजबूत न करें, स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएं : अरुण साव
Bilaspur | New India News
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, सम्मान और आत्मनिर्भरता का राष्ट्रीय संकल्प है। प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता बढ़ाने के बजाय देश में निर्मित उत्पादों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव गुरुवार को बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार वस्तुओं का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि पिछले 17 वर्षों से स्वदेशी मेले की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न राज्यों की खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के कुल 305 स्टॉल लगाए गए हैं। यह आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपरा, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।
स्वदेशी खरीदारी से मजबूत होंगे स्थानीय कारीगर और छोटे उद्योग
श्री साव ने कहा कि हमारे देश के शिल्पकार और कारीगर अपनी मेहनत, कौशल और परंपरागत ज्ञान से बेहतरीन उत्पाद तैयार करते हैं। यदि हम उनके उत्पादों को नहीं अपनाएंगे, तो उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति कैसे मजबूत होगी? स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्योगों और उद्यमियों को रोजगार तथा आर्थिक संबल मिलता है।
उन्होंने कहा कि केवल स्वदेशी अपनाने का नारा लगाने से बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए बाजार जाते समय स्वदेशी उत्पाद खरीदने का संकल्प लेना होगा। इसे अपनी आदत और संस्कार बनाना होगा। तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
स्वदेशी और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच भी है गहरा संबंध
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में रहकर मातृभूमि की रक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में ऐसे उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिनसे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। विदेशी वस्तुओं पर अत्यधिक निर्भरता से दूसरे देशों की अर्थव्यवस्थाओं को लाभ पहुंच सकता है। इसलिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाना केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान और देश के प्रति जिम्मेदारी से भी जुड़ा है।
अटल जी के विचारों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का किया उल्लेख
श्री साव ने कहा कि लंबे समय तक विदेशी शासन के कारण देश का स्वाभिमान और आत्मगौरव प्रभावित हुआ। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है। भारत की सोच केवल अपने विकास तक सीमित नहीं, बल्कि विश्व कल्याण की भी है।
उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पत्रकार अशोक व्यास को साहित्य सम्मान, अद्वैत फॉर्म भी सम्मानित
स्वदेशी मेले के दौरान साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पत्रकार श्री अशोक व्यास को साहित्य सम्मान से पुरस्कृत किया गया। वहीं सराहनीय पहल के लिए अद्वैत फॉर्म को भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर से शुरू हुआ यह स्वदेशी मेला 27 नवंबर को अपने सातवें दिन के साथ संपन्न हुआ। मेले में विभिन्न राज्यों के उत्पादों और स्थानीय उद्यमियों की भागीदारी ने इसे विशेष आकर्षण प्रदान किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह समन्वयक, स्वावलंबी भारत अभियान श्री जितेंद्र गुप्ता, विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, निगम सभापति श्री विनोद सोनी, डॉ. श्री आशीष जायसवाल, श्री राजेश सिंह, श्री प्रफुल्ल शर्मा, श्री सुशील श्रीवास्तव, श्री गुलशन ऋषि, श्री कमल सोनी सहित बड़ी संख्या में स्वदेशी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
