New India News
नवा छत्तीसगढ़

युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

एनएसएस के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, उत्कृष्ट स्वयंसेवक हुए सम्मानित

NEW INDIA NEWS/CG मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।

मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।

सेवा कार्यों को जनआंदोलन बनाने युवाओं से आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने एनएसएस स्वयंसेवकों से वर्तमान में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनभागीदारी से व्यापक बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी सेवा कार्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। एक युवा की छोटी-सी पहल भी परिवार, समाज और समुदाय को प्रेरित कर बड़े सामाजिक परिवर्तन की नींव रख सकती है।

रोजगार और उद्यमिता के बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, रोजगार, शासकीय सेवा, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में लगभग 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक सहित विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। बिजली कंपनियों में भी 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख मुख्यमंत्री ने किया। इसके अलावा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए जाने की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। राज्य की नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।

500 करोड़ रुपये के एआई मिशन से 6 लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रुपये के राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है। मिशन के तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित करने की योजना है। लगभग 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

नई औद्योगिक नीति में स्थानीय युवाओं के रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार, पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का जोर इस बात पर है कि प्रदेश में आने वाले निवेश का लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार के रूप में मिले।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसरों का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों के रास्ते में बाधा न बनें, इसके लिए सरकार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है।

उन्होंने दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट किए जाने का भी उल्लेख किया और बताया कि इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

खिलाड़ियों के लिए भी बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार और सेवा भावना प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत है।

एनएसएस युवाओं को देता है नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का संस्कार

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चम्पावत, आयुक्त रीता यादव, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

 

Related posts

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में 97 दिव्यांगों को निःशुल्क बैटरी चालित ट्राइसाइकिल एवं सुगम्य छड़ी प्रदान की

newindianews

अपराध करो और आरोप लगाकर बचने का रास्ता ढूंढो, ये नहीं चलेगा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

newindianews

सीवायएफ ने मुख्यमंत्री बघेल का किया सम्मान

newindianews

Leave a Comment