
New India News/Raipur// राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दूरदर्शन की ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत तथा शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस अवसर पर कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
दूरदर्शन ने गढ़ी सामाजिक चेतना
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दूरदर्शन ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 में एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण और रामायण व महाभारत जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में दूरदर्शन का जादू ऐसा था कि प्रसारण के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था।
उन्होंने कहा कि “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीतों ने देश की एकता और सांस्कृतिक एकरूपता का संदेश दिया। समाचारों की गरिमा और भाषा की शुचिता बनाए रखने में दूरदर्शन की परंपरा सदैव सराहनीय रही है।
स्थानीय कलाकारों को मिला राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदर्शन के प्रादेशिक केंद्रों ने स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। रायपुर दूरदर्शन ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों और विशेषकर “हमर चिन्हारी” के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाया है।
उन्होंने कहा कि कृषि दर्शन, महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम और युवाओं के लिए प्रस्तुत विशेष सामग्री के माध्यम से दूरदर्शन ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सँभालने के बाद उन्होंने “अपनी बात” कार्यक्रम में साक्षात्कार दिया था और पाया कि दूरदर्शन हमेशा स्पष्टता और विस्तारपूर्वक अपनी बात रखने का अवसर देता है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों हितग्राहियों को मिल रहा है और दूरदर्शन ने समाज में आने वाले सकारात्मक बदलावों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया है। उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति की सफलता की कहानी दूरदर्शन पर दिखाई जाती है, तो वह लाखों लोगों को प्रेरणा देती है और उनके जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बनती है।
संस्कृति मंत्री ने किया सराहना
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुँचाने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी दूरदर्शन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक प्रभावशाली ढंग से दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।
इस अवसर पर रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक श्री संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
