
Raipur | New India News
छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों को गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने निर्देश दिए हैं कि जिन निर्माण कार्यों की निविदाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रमुख अभियंता कार्यालय के मुख्य अभियंताओं के साथ विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों और नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर निगरानी मजबूत करने के लिए सचिव ने सभी मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि निर्माण स्थलों पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक नियमित बैठकें आयोजित कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
खराब सड़कों का दोबारा होगा निर्माण
बैठक में गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को लेकर भी सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ठेकेदारों द्वारा किए गए खराब गुणवत्ता के कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए।
विशेष रूप से मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों तथा कबीरधाम जिले के परफॉर्मेंस गारंटी वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने कहा कि निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
ठेकेदारों की मॉनिटरिंग और भुगतान पर भी जोर
श्री बंसल ने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित और सख्त मॉनिटरिंग करने के साथ पात्र कार्यों के भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सभी परियोजनाओं में भौतिक और वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
जन शिकायतों और लंबित मामलों की भी हुई समीक्षा
बैठक में जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की गई। इसके अलावा सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स (Centralised Public Grievances Redress & Monitoring System) के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति भी देखी गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय, उप सचिव श्रीमती अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
सख्त निर्देशों के जरिए लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब निर्माण कार्यों में तेजी, जवाबदेही और गुणवत्ता तीनों पर एक साथ निगरानी रखी जाएगी।
