New India News
हेल्थ

छत्तीसगढ़ में चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि : श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल में TBI तकनीक से सफल एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट

गंभीर संक्रमण और बेहद नाजुक हालत के बावजूद 5 वर्षीय बच्चे को मिली नई जिंदगी, राज्य में पहली बार TBI तकनीक का इस्तेमाल

New India News/CG छत्तीसगढ़ के चिकित्सा इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल में 5 वर्षीय बच्चे का एलोजेनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट (Allogeneic Bone Marrow Transplant) सफलतापूर्वक किया गया। बच्चा वेरी सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया (VSAA) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। इस उपलब्धि की खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के किसी मेडिकल कॉलेज में यह पहला बोन मैरो ट्रांसप्लांट बताया जा रहा है। साथ ही, राज्य में पहली बार इस प्रक्रिया में टोटल बॉडी इर्रेडिएशन (TBI) तकनीक का उपयोग किया गया।

गंभीर संक्रमण के बीच डॉक्टरों के सामने थी बड़ी चुनौती

ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की स्थिति बेहद नाजुक थी। वह न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया जैसी गंभीर जटिलताओं से जूझ रहा था। शरीर में संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं का स्तर बेहद कम था। बच्चे की टीएलसी (TLC) महज 300 प्रति माइक्रोलीटर थी, जबकि सामान्य स्तर 4,000 से 11,000 के बीच होता है। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संक्रमण और अन्य चिकित्सकीय जटिलताओं को नियंत्रित करते हुए ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया पूरी करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी।

क्या है TBI तकनीक?

टोटल बॉडी इर्रेडिएशन (TBI) एक विशेष रेडिएशन तकनीक है, जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट से पहले मरीज के पूरे शरीर को नियंत्रित मात्रा में रेडिएशन दिया जाता है। इसका उद्देश्य प्रतिरक्षा प्रणाली को दबाना और डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स को शरीर में स्थापित होने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना होता है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से मिली सफलता

इस जटिल ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में श्री बालाजी कैंसर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट हेमेटोलॉजिस्ट एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. अंबर गर्ग, पीडियाट्रिशियन डॉ. निकिता पटेल, पीडियाट्रिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. बी. एन. राव एवं पीडियाट्रिक्स विभाग की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस प्रक्रिया में दिल्ली और वेल्लोर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों का भी सहयोग मिला। RGCI, दिल्ली के डॉ. दिनेश भुरानी एवं डॉ. रोहन तथा CMC, वेल्लोर के डॉ. बिजू जॉर्ज ने अपने अनुभव, मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग से इस उपलब्धि को संभव बनाने में अहम भूमिका निभाई।

डॉ. अंबर गर्ग ने पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता किसी एक चिकित्सक के प्रयासों का परिणाम नहीं, बल्कि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, चिकित्सकीय टीम की मेहनत, पीडियाट्रिक्स विभाग के सहयोग, नर्सिंग स्टाफ के समर्पण और सभी के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है।

आर्थिक सहयोग से संभव हुआ समय पर उपचार

इस चुनौतीपूर्ण समय में श्री बालाजी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक ने आवश्यक आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में बिना देरी के ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू करना संभव हो सका।

छत्तीसगढ़ में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में यह उपलब्धि राज्य की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सफलता दर्शाती है कि बेहतर चिकित्सा विशेषज्ञता, आधुनिक तकनीक, आर्थिक सहयोग और सामूहिक प्रयासों से जटिल से जटिल उपचार भी संभव बनाया जा सकता है।

Related posts

यूनिसेफ के सहयोग से स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी गति

newindianews

ममता बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की फाइलों पर केंद्र को लिया आड़े हाथ कही ये बात…

newindianews

प्रदेश में 15 से 18 वर्ष के किशोरों की टीकाकरण की अच्छी शुरूआत, पहले ही दिन कुल लक्ष्य के 11 प्रतिशत को लगाए गए टीके

newindianews

Leave a Comment