New India News
Otherराजनीति

रायपुर को मिलेगी 150 एमएलडी पानी की नई सौगात! महापौर मीनल चौबे ने प्रस्तावित फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन परियोजना का किया निरीक्षण

डुंडा में 10 एकड़ जमीन पर बनेगा अत्याधुनिक फिल्टर प्लांट, खारून नदी पर इंटेकवेल और 11 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का भी लिया जायजा

Raipur | New India News

राजधानी रायपुर में पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रस्तावित 150 एमएलडी नवीन फिल्टर प्लांट परियोजना को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने डुंडा स्थित शासकीय स्कूल के पास प्रस्तावित फिल्टर प्लांट स्थल का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से बनने वाले इस फिल्टर प्लांट से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से पूछा कि नए फिल्टर प्लांट के शुरू होने के बाद कितनी नई पानी टंकियों को इससे जोड़ा जाएगा और वर्तमान एवं पुराने फिल्टर प्लांट पर निर्भर कितनी पानी टंकियों का सप्लाई प्रेशर कम होगा। उन्होंने परियोजना के माध्यम से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में होने वाले बदलावों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

खारून नदी पर बनेगा आधुनिक इंटेकवेल

महापौर मीनल चौबे ने खारून नदी में कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के पास प्रस्तावित इंटेकवेल स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां लगभग 16 मीटर व्यास का इंटेकवेल बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ 33 केवी विद्युत सब स्टेशन और एप्रोच ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा।

उन्होंने माना मुख्य नहर से मिलने वाले रॉ वाटर की व्यवस्था और उससे संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली।

1200 एमएम की पाइपलाइन का किया निरीक्षण

परियोजना के तहत इंटेकवेल से दतरेंगा और कांदुल होते हुए डुंडा तक लगभग 6.5 किलोमीटर लंबी 1200 एमएम व्यास की रॉ वाटर पाइपलाइन प्रस्तावित है। महापौर ने इस पाइपलाइन का स्थल पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण एवं तकनीकी व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके अलावा डुंडा से संतोषी नगर चौक तक लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी 1200 एमएम व्यास की क्लियर वाटर पाइपलाइन का भी निरीक्षण किया।

सड़क निर्माण के लिए एनओसी पर मांगी जानकारी

महापौर ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान विभिन्न सड़कों से संबंधित अनुमति की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से मांगी। उन्होंने राज्य लोक निर्माण विभाग (PWD) सहित अन्य संबंधित शासकीय विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त करने की प्रक्रिया की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से सभी संबंधित सड़कों की एनओसी की स्थिति स्पष्ट करने को कहा, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।

पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान महापौर ने परियोजना के सभी महत्वपूर्ण तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी ली। नई जलापूर्ति व्यवस्था से शहर की किन-किन पानी टंकियों को लाभ मिलेगा और मौजूदा फिल्टर प्लांट पर कितना भार कम होगा, इस पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त श्री लोकेश्वर साहू, कार्यपालन अभियंता जल श्री नर सिंह फरेन्द्र तथा संबंधित कंसल्टेंट की तकनीकी टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts

रेणुका सिंह बन सकती है पहली महिला सीएम, CM बनाने समर्थकों ने किया यज्ञ

newindianews

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने टी.बी. मुक्त भारत अभियान का वर्चुअल उद्घाटन किया

newindianews

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एस.एन.जी. महाविद्यालय के दीक्षारंभ कार्यक्रम में हुए शामिल

newindianews

Leave a Comment