
New India News/Raipur जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर रायपुर में इस वर्ष धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। शहर सीरतुन्नबी कमेटी, रायपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शास्त्री मार्केट स्थित सीड्स स्कूल के नूर-उस-सुबह हॉल में कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 15 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए कमेटी के सदर मोहम्मद सोहेल सेठी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल जश्न मनाने का अवसर नहीं, बल्कि हज़रत मोहम्मद मुस्तफ़ा ﷺ की सीरत, उनके आदर्शों और इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे तथा अमन के संदेश को समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम ﷺ की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं और वर्तमान समय में समाज को इन्हीं मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने सभी शहरवासियों से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने की अपील की।
सोहेल सेठी ने कहा कि शहर सीरतुन्नबी कमेटी का प्रयास है कि इस वर्ष के सभी आयोजन अनुशासित, गरिमामय एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी के साथ संपन्न हों। उन्होंने विशेष रूप से उन मस्जिदों के तामीरी कार्यों में सहयोग का भी आह्वान किया, जहां निर्माण कार्य जारी है।

15 से 26 अगस्त तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन
कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रमों के अनुसार 19 एवं 20 अगस्त को देश के प्रतिष्ठित उलेमा-ए-किराम की तकरीरें आयोजित होंगी, जिनमें सीरत-ए-रसूल ﷺ, इस्लामी शिक्षाओं और सामाजिक एकता पर प्रकाश डाला जाएगा। 21 अगस्त को महिलाओं के लिए विशेष दीनी प्रोग्राम, 22 अगस्त को नातिया मुशायरा, जबकि 23 अगस्त को बच्चों के लिए अज़ान प्रतियोगिता तथा तिलावत-ए-कुरआन तर्जुमा के साथ आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पूरे आयोजन के दौरान अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम भी होंगे।
कार्यक्रमों का समापन 26 अगस्त को पारंपरिक जुलूस-ए-मोहम्मदी, फ़ातिहा-ख़्वानी, परचम-कुशाई एवं आम लंगर के साथ किया जाएगा। सभी कार्यक्रम मुस्लिम हॉल, बैजनाथपारा, रायपुर में आयोजित होंगे।
मस्जिदों के तामीरी कार्यों के लिए भी होगा सहयोग अभियान
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि रायपुर शहर की जिन मस्जिदों में निर्माण कार्य चल रहा है, उनके प्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर अपने बैनर, पोस्टर एवं रसीद बुक के साथ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रमों में आने वाले लोगों से इन मस्जिदों के निर्माण कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग की अपील की जाएगी, ताकि धार्मिक स्थलों के विकास में समाज की सहभागिता बढ़ सके।
संगठन को मिला नया नेतृत्व
संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैठक में तीन नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। हाजी अय्यूब पारेख को कमेटी का कोषाध्यक्ष, जबकि हाजी रहीम ख़ान एवं हाजी ज़ुबेर महमूद को नायब सदर नियुक्त किया गया।
बैठक में कमेटी के चीफ ऑर्गनाइज़र मोहम्मद सिराज, वरिष्ठ अधिवक्ता फ़ैसल रिज़वी, पूर्व डीएसपी शोएब ख़ान, शकील, हाजी इदरीश लोया, एम.के. गौरी, अज्जू भाई, नूरा भाई, यूनुस भाई, इस्माइल भाई, शाहबान भाई, फ़ैसल भाई, रोबिन भाई, गुड्डा सेठी, वसीम बाबू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

माघी पुन्नी मेला का नाम बदलना भाजपा की छत्तीसगढ़ संस्कृति विरोधी मानसिकता की उपज