डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राएं पहुँचीं विधानसभा अध्ययन भ्रमण पर
New India News/CG छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रायपुर की विभिन्न विभागों की छात्राएं एवं प्राध्यापकगण प्राचार्य डॉ. प्रीति मिश्रा के मार्गदर्शन में विधानसभा की कार्यवाही से रूबरू हुए। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संसदीय प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
अध्ययन दल ने विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेकर देखा कि कैसे विपक्ष और सत्तापक्ष के सदस्य विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर चर्चा करते हैं और किस प्रकार विधानसभा अध्यक्ष पक्षों के बीच संतुलन स्थापित कर सदन का संचालन करते हैं। छात्राओं ने विधानसभा की विशाल लाइब्रेरी और भारतीय संविधान की मूल प्रति का भी अवलोकन किया।
इस वर्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा रजत जयंती वर्ष मना रही है। इसी अवसर पर प्रथम विधानसभा से लेकर अब तक की महत्वपूर्ण घटनाओं की फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका अवलोकन छात्राओं ने किया। छात्राएं विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ हुए समूह छायाचित्र में शामिल होकर अत्यंत उत्साहित रहीं।
छात्राओं को महात्मा गांधी की प्रतिमा और राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ ने भी आकर्षित किया। कार्यवाही के दौरान छात्राओं ने उद्योग और जल जीवन मिशन से संबंधित प्रश्नों पर हुई चर्चा और मंत्रियों के उत्तरों को भी ध्यानपूर्वक सुना।
छात्राओं को बताया गया कि सरकार के तीन प्रमुख अंग होते हैं—व्यवस्थापिका, कार्यपालिका एवं न्यायपालिका, जिनमें से सबसे महत्वपूर्ण अंग व्यवस्थापिका है, जो कानून बनाने एवं सरकार को उत्तरदायी बनाने का कार्य करती है।
भविष्य की दृष्टि से, छात्राओं को नवा रायपुर में निर्माणाधीन नवीन विधानसभा भवन का मॉडल भी दिखाया गया। यह भवन सेक्टर-19 में 51 एकड़ भूमि पर निर्मित हो रहा है और सितंबर 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर 1 नवंबर, राज्य स्थापना दिवस पर उद्घाटन प्रस्तावित है। इसमें 200 सदस्यों की बैठक क्षमता और अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।
नवीन विधानसभा भवन के तीन प्रमुख विंग होंगे: विधानसभा सचिवालय, विधानसभा सदन, और सेंट्रल हॉल परिसर। इसमें दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी, पुस्तकालय, उद्यानिकी, वातानुकूलन, जल-विद्युत आपूर्ति जैसी सुविधाएं होंगी। संस्कृति विभाग परिसर में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति को समर्पित संग्रहालय भी विकसित कर रहा है।
इस शैक्षणिक भ्रमण में डॉ. रूपा सल्होत्रा, डॉ. नम्रता शर्मा, डॉ. ज्योति मिश्रा, डॉ. श्राद्ध मिश्रा, डॉ. भूपेंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल रहीं।