New India News
नवा छत्तीसगढ़

2 अक्टूबर 2022 से कांग्रेस की देशव्यापी भारत जोड़ो यात्रा

anNewindianews/Raipur: कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा निकालने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि यह यात्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन के अवसर पर 2 अक्टूबर 2022 से शुरू होगी। भारत जोड़ो यात्रा लगभग 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए करीबन 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह सारी दूरी पदयात्रा के रुप में तय की जाएगी। इस पदयात्रा में कांग्रेस पार्टी का पूरा नेतृत्व और कार्यकर्ता भाग लेंगे। देश के कोने-कोने से कई अन्य यात्राएं भी इस पदयात्रा में समाहित होंगी। मोदी सरकार तथा भाजपा द्वारा हमारे लोकतंत्र, हमारे देश के संविधान, राष्ट्र की संस्थाओं और हमारे समाज के सामाजिक ताने-बाने पर बार-बार और उग्र रूप से हो रहे हमलों को देखते हुये भारत जोड़ो यात्रा अखंड और मजबूत भारत के लिये भारत की विविधता में एकता को बचाये रखने के लिये आवश्यक है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि स्वतंत्रता की 75 वर्षगांठ पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उन सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कोटिशः श्रद्धांजलि अर्पित करती है, जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी, और जिन्होंने फूट डालो और राज करो की राजनीति को पराजित किया तथा जो देश को इसका महान संविधान देने के लिए एक साथ आए और भारत को प्रगति, समृद्धि, सामाजिक न्याय और सद्भाव के पथ पर आगे बढ़ाया। आज नफरत की राजनीति को फैलाने का काम उन लोगों के द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने कभी भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लिया और जिनकी विचारधारा के परिणाम स्वरुप राष्ट्रपिता की हत्या हुई, इन परिस्थितियों में भारत जोड़ो यात्रा उन सभी भारतीयों को एकसूत्र में बांधने का एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के सभी नागरिकों को भारत जोड़ो यात्रा को समर्थन देने की अपील करती है जो महात्मा गांधी के नेतृत्व में हमारे देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अंतर्निहित मूल्यों की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति प्रतिबद्ध है। जो नफरत, कट्टरवाद और ध्रुवीकरण की राजनीति से लड़ने के प्रति समर्पित है। जो ये मानते हैं कि सरकार का ध्यान विभाजनकारी राजनीति की अपेक्षा करोड़ों युवाओं को उत्पादक रोजगार प्रदान करने, हमारे करोड़ों परिवारों को आवश्यक वस्तुओं में हो रही असहनीय मूल्य वृद्धि से निजात दिलाने, किसान और खेत मजदूर का कल्याण और सुख-सुविधा सुनिश्चित करने तथा करोड़ों आदिवासियों, दलितों एवं समाज के अन्य कमजोर वर्गों की आजीविका और सम्मान की रक्षा के लिए हमारे जल जंगल और जमीन की रक्षा करना होना चाहिए। जो सभी विपरीत परिस्थितियों के समक्ष देश के संविधान की मर्यादा को बनाए रखने के प्रति दृढ़ संकल्प हैं और जाति, वर्ग, आस्था, लिंग या भाषा की भावना से ऊपर उठकर सभी के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने में विश्वास रखते हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, नागरिक समाज समूहों, व्यापारिक और व्यावसायिक संघों और उपरोक्त उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध सभी भारतीयों से अपील करती है कि वे सब एकजुट होकर इस भारत जोड़ो यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हों।

Related posts

“हमर छत्तीसगढ़” आसिफ इक़बाल की कलम से…अंक 77

newindianews

नरवा कार्यक्रम ने बदली नौकरी की चाह,,मिर्ची की खेती से 6 माह में कमाए 4 लाख,,,,,,

newindianews

NEW DC HAVE ELECTED IN MmBWELWA DISTRICT

newindianews

Leave a Comment