New India News
Otherएजुकेशन

हज्जियानी खातिजा बाई गर्ल्स हाईस्कूल में साइबर हाइजीन एवं साइबर एथिक्स जागरूकता कार्यशाला आयोजित

412 छात्राओं ने लिया भाग, नागपुर पुलिस साइबर सेल ने बताए ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय

New India News/MH एडुसन फाउंडेशन द्वारा साइबर सेल, नागपुर पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को हज्जियानी खातिजा बाई गर्ल्स हाईस्कूल, कामठी में साइबर हाइजीन एवं साइबर एथिक्स जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कक्षा 9वीं एवं 10वीं की 412 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल तकनीकों के जिम्मेदार उपयोग तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।

साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता आचल चित्तारे, साइबर सेल, नागपुर पुलिस ने छात्राओं को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, डिजिटल घोटालों, ऑनलाइन खतरों और टास्क फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया, मोबाइल एप्लीकेशन एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत संबंधित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने की सलाह दी।

डिजिटल जागरूकता आज की आवश्यकता

एडुसन फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक श्री निलेश काले ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता, साइबर हाइजीन और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार आज के समय के महत्वपूर्ण जीवन कौशल हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रफिया शहनाज़ ने की। उन्होंने छात्राओं से कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और एक जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कामठी पुलिस के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) योगेश नाल्दे भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुश्री माहेर निगार ने किया।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्राध्यापिका इशरत खान, श्रीमती इशरत अंजुम तथा वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अंजुम अफरोज़ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

छात्राओं ने लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

कार्यशाला के समापन अवसर पर छात्राओं ने सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

एडुसन फाउंडेशन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए साइबर सेल, नागपुर पुलिस, कामठी पुलिस तथा हज्जियानी खातिजा बाई गर्ल्स हाईस्कूल के प्रबंधन, प्राचार्या, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts

“हमर छत्तीसगढ़” आसिफ इक़बाल की कलम से…. अंक 67

newindianews

भोपाल पर शासन कर चुकी शाहजहां बेगम के बारे में कितना जानते हैं आप..?

newindianews

वित्त मंत्री ओपी ने दिए निर्देश राजस्व सहायता पुस्तक परिपत्र के तहत नाव दुर्घटना में मृतकों को चार लाख की सहायता राशि

newindianews

Leave a Comment