New India News
नवा छत्तीसगढ़राजनीति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरसींवा को दी निःशुल्क एम्बुलेंस की सौगात, डीएमएफ से 19.65 लाख की आधुनिक सुविधा मिली

New India News/CG मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क आधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद विधायक अनुज शर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में एम्बुलेंस के चालक को चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के लिए उपचार के शुरुआती क्षण बेहद महत्वपूर्ण होते हैं और समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर परिस्थितियों में जीवन बचाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों तथा सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अस्पतालों के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की मांग थी। इस आवश्यकता को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 19 लाख 65 हजार रुपये की लागत से अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी और गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित एवं समयबद्ध पहुंचाने में सहायक होगी।

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। डीएमएफ से उपलब्ध कराई गई यह निःशुल्क एम्बुलेंस क्षेत्र के हजारों नागरिकों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

Related posts

अम्बिकापुर : खाद्य मंत्री ने किया स्टेडियम का लोकार्पण व वृक्षारोपण

newindianews

किसानों ने जो मांगे रखी थी उनमें से अधिकांश मांग पूरी कर दी गई है : मंत्री-मोहम्मद अकबर

newindianews

मोर मेयर-मोर द्वार अभियान फिर शुरू होगा, इन मोबाइल नंबरों पर सीधे भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत

newindianews

Leave a Comment