
New India News/CG छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और छत्तीसगढ़ी भाषा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पहले आत्मनिर्भर डिजिटल रेडियो प्लेटफॉर्म ‘रेडियो संगवारी’ की Amazon Alexa Voice Skill का शुभारंभ किया। इस लॉन्च के साथ यह सेवा भारत, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और जर्मनी सहित पांच देशों में एक साथ लाइव हो गई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन महाराज तथा वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री गुणानिधि मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। लॉन्च के दौरान लाइव डैशबोर्ड पर पांचों देशों में सेवा के एक साथ सक्रिय होने का प्रदर्शन भी किया गया।
रायपुर की टीम ने विकसित की स्वदेशी Voice AI तकनीक
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि अत्याधुनिक Voice AI आधारित Alexa Skill को रायपुर स्थित बीसेंट सर्विसेज की इन-हाउस तकनीकी टीम ने बिना किसी विदेशी या बाहरी एजेंसी के सहयोग के पूरी तरह स्वदेशी रूप से विकसित किया है।
कार्यक्रम में रेडियो संगवारी की ओर से संस्थापक राहुल शर्मा, डॉ. हेमंत सिरमौर, डॉ. सुरेश शुक्ला एवं श्रीमती तिलका साहू उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री बोले— ‘डिजिटल छत्तीसगढ़ का उत्कृष्ट उदाहरण’
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति राज्य की अमूल्य धरोहर है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से इसे दुनिया भर तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि रायपुर के युवाओं द्वारा बिना किसी बाहरी सहायता के विकसित की गई यह तकनीक ‘डिजिटल छत्तीसगढ़’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को साकार करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ‘हमार भाखा, हमर गीत’ की गूंज दुनिया भर के स्मार्ट डिवाइसेस तक पहुंचेगी।
संस्कृति और तकनीक का अनूठा संगम
गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन महाराज ने कहा कि जब तकनीक संस्कृति से जुड़ती है तो वह अपनी जड़ों के संरक्षण का सशक्त माध्यम बन जाती है। उन्होंने रेडियो संगवारी की इस पहल को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच देने वाला प्रयास बताया।
वहीं, वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री गुणानिधि मिश्रा ने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि छत्तीसगढ़ के युवा तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में किसी से पीछे नहीं हैं। पांच देशों में एक साथ लॉन्च होना राज्य के स्टार्टअप और नवप्रवर्तकों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
दुनिया के किसी भी कोने से सुन सकेंगे ‘रेडियो संगवारी’
रेडियो संगवारी के संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि मंच का उद्देश्य छत्तीसगढ़ी भाषा, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत को विश्वभर में बसे छत्तीसगढ़ियों और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति “Alexa, Open Radio Sangwari” या “Alexa, Play Radio Sangwari” बोलकर अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, जर्मनी या भारत सहित दुनिया के किसी भी देश से 24×7 रेडियो संगवारी सुन सकेगा।
ऐसे करती है काम यह तकनीक
रेडियो संगवारी की Alexa Skill अमेज़न के Voice Cloud एवं AI Interaction मॉडल पर आधारित है। इसे Amazon Echo स्मार्ट स्पीकर, Alexa-सक्षम स्मार्टफोन और अन्य स्मार्ट डिवाइसेस पर वॉइस कमांड के माध्यम से संचालित किया जा सकता है। इसके जरिए उपयोगकर्ता बिना किसी रुकावट के डिजिटल रेडियो स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।
रेडियो संगवारी के बारे में
‘रेडियो संगवारी’ (टैगलाइन – “हमर भाखा, हमर गीत”) छत्तीसगढ़ का अग्रणी डिजिटल मीडिया एवं पहला इंटरनेट रेडियो मंच है, जिसका संचालन बीसेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है। संस्थापक राहुल शर्मा के नेतृत्व में सांस्कृतिक और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इस मंच का संचालन कर रही है। यह मंच छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति, लोकसंगीत और डिजिटल नवाचार को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कार्यरत है तथा राष्ट्रीय संस्थानों और विभिन्न बड़े आयोजनों का डिजिटल रेडियो पार्टनर भी रहा है।
