New India News/CG तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। सुपरस्टार से नेता बने अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्त्री कज़गम (TVK) शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (DMK) से काफी आगे निकलती नजर आ रही है। पार्टी प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने दावा किया है कि टीवीके अपने दम पर सरकार बनाएगी।
टीवीके प्रवक्ता ने कहा, “डीएमके अंधेरे में ही बैठी थी, अब उन्हें सच्चाई पता चल गई है। टीवीके अपने दम पर सरकार बनाएगी।” अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में टीवीके ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बना ली है और 118 सीटों के बहुमत आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है। शुरुआती रुझानों में टीवीके तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है।
वहीं सत्ताधारी डीएमके 50 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी ओर ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (AIADMK) भी सत्तारूढ़ दल से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 70 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
विजय खुद आगे, स्टालिन–उदयनिधि पीछे
तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्रों में अभिनेता विजय मतगणना के पहले चरण के बाद बढ़त बनाए हुए हैं। ‘थलपति’ के नाम से मशहूर विजय अपने विशाल प्रशंसक आधार के चलते चुनावी राजनीति में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरे हैं। एग्जिट पोल के अनुमान भी उनके बढ़ते जनसमर्थन की पुष्टि कर रहे हैं।
खबरों के अनुसार, द्रमुक के शीर्ष नेता और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन तथा उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन अपनी-अपनी सीटों पर पिछड़ते नजर आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग और टीवी चैनलों की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टालिन सहित 15 मंत्री पीछे चल रहे हैं, जबकि उदयनिधि अपनी चेपॉक-तिर्वुवल्लिकेनी सीट पर संघर्ष करते दिख रहे हैं।
गठबंधन समीकरण
टीवीके ने यह चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ा है, जबकि एआईएडीएमके एनडीए गठबंधन का नेतृत्व कर रही है और डीएमके ने कांग्रेस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था। मतगणना शुरू होते ही टीवीके समर्थक पार्टी मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में जुट गए।
