New India News / CG मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज ने सदियों से भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे राजधानी रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किया जाएगा।
श्री साय ने कहा कि सेन समाज केवल पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जन्म, विवाह और मृत्यु सहित समाज के विभिन्न संस्कारों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और केश शिल्पियों के कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कर्पूरी ठाकुर के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वंचित वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से करीब 70 लाख महिलाओं को हर माह 1,000 रुपये, भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता तथा युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
समाज के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं
मुख्यमंत्री ने सेन समाज के प्रतिनिधियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी सुविधाओं का लाभ लेने की भी अपील की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सेन समाज के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज हजारों वर्षों से सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को किट भी वितरित किए।
